-अंतरजातीय प्रेम विवाह के तीन महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप
मुजफ्फरपुर/सरैया। अंतरजातीय प्रेम विवाह के महज तीन महीने बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान सरैया थाना क्षेत्र के बसंतपुर उत्तरी पंचायत के कोन्ही टोला निवासी वैशाली कुमारी के रूप में हुई है। वैशाली स्नातक की छात्रा थी। उसकी शादी पड़ोसी गांव निवासी महेश कुमार सहनी से हुई थी।
मृतका की मौत की सूचना मिलते ही मायके वाले ससुराल पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए वैशाली की हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया। उनका कहना है कि शादी के बाद से ही बेटी को लेकर ससुराल में विवाद की स्थिति बनी हुई थी।
बताया जा रहा है कि वैशाली और महेश के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों अलग-अलग जातियों से होने के बावजूद अपने रिश्ते को मुकाम देने के लिए करीब तीन महीने पहले अंतरजातीय विवाह किया था। परिजनों के मुताबिक, शादी से युवक के परिवार के कुछ लोग नाराज थे। इसी बीच नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही सरैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे परिजनों को समझाकर शांत कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
सरैया पुलिस के अनुसार, बसंतपुर उत्तरी पंचायत के कोन्ही टोला में महिला की संदिग्ध मौत की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मृतका के परिजनों की ओर से ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया गया है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की तफ्तीश कर रही है।












