बहनों ने भाइयों की कलाई पर बांधा प्यार, गायघाट और बेनीबाद इलाके में धूमधाम से मना रक्षाबंधन
दीपक कुमार/गायघाट। शुक्रवार को रक्षाबंधन का त्योहार गायघाट और बेनीबाद इलाके में हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही घरों में रक्षाबंधन को लेकर उत्सवी माहौल रहा। बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनके सुखी, स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की। इसके बाद भाइयों को मिठाई खिलाकर मुंह मीठा कराया गया।

मुजफ्फरपुर जिले के बेनीबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवदहा गांव में भी रक्षाबंधन का त्योहार उत्साहपूर्वक मनाया गया। यहां साहिल और शिवम की बहनों ने उनके माथे पर तिलक लगाकर कलाई पर राखी बांधी। इसके बाद मिठाई खिलाकर भाइयों की लंबी उम्र, खुशहाली और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
राखी बंधवाने के बाद साहिल और शिवम ने अपनी बहन की रक्षा करने और जीवन के हर सुख-दुख में उसके साथ खड़े रहने का संकल्प लिया। भाइयों ने बहन को उपहार देकर इस पवित्र रिश्ते के प्रति अपना स्नेह व्यक्त किया। परिवार के सदस्यों ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और आपसी सहयोग का प्रतीक है।
रक्षाबंधन को लेकर बाजारों में भी चहल-पहल देखने को मिली। रंग-बिरंगी राखियों और मिठाइयों की दुकानों पर लोगों की भीड़ रही। पूरे इलाके में भाई-बहन के पवित्र रिश्ते और स्नेह का उत्सवी रंग देखने को मिला।












