Advertisement

गायघाट में ईद-उल-नबी पर निकला जुलूस, सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम

-गायघाट में ईद-उल-नबी पर निकला जुलूस, सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम

दीपक कुमार/गायघाट। ईद-ए-मिलादुन्नबी के मुबारक मौके पर गायघाट क्षेत्र में अकीदत और एहतराम के साथ जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। इस दौरान फिजां में “सरकार की आमद मरहबा” के तराने गूंजते रहे। जुलूस को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब के यौम-ए-पैदाइश के मौके पर गायघाट के विभिन्न इलाकों से निकले जुलूस में बड़ी संख्या में बच्चे, युवा और बुजुर्ग शामिल हुए। लोगों ने हाथों में इस्लामी परचम लेकर जुलूस में शिरकत की। जुलूस निर्धारित मार्गों से होकर गुजरा। इस दौरान जगह-जगह स्थानीय लोगों ने जुलूस का स्वागत किया तथा मिठाई और शर्बत का वितरण किया।


शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। संवेदनशील चौराहों और प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। जुलूस मार्ग की निगरानी के लिए ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी का भी सहारा लिया गया, ताकि किसी भी असामाजिक गतिविधि पर तत्काल नजर रखी जा सके।
स्थानीय पुलिस अधिकारी क्षेत्र में फ्लैग मार्च करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते नजर आए। प्रशासन की मुस्तैदी और स्थानीय लोगों के सहयोग से ईद-उल-नबी का पर्व गायघाट में शांतिपूर्ण माहौल और आपसी भाईचारे के साथ संपन्न हुआ।