-कुशेश्वरनाथ महादेव मंदिर में गूंजे वैदिक मंत्र, सावन भर रुद्राभिषेक और महाप्रसाद का आयोजन
मुजफ्फरपुर। कांटी नगर परिषद क्षेत्र के कुशी हरपुर रमणी स्थित ऐतिहासिक कुशेश्वरनाथ महादेव मंदिर में शुक्रवार को आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंदिर परिसर में विधि-विधान के साथ रुद्राभिषेक, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन और महाआरती का आयोजन किया गया। पूजन और बाबा कुशेश्वरनाथ के दिव्य श्रृंगार के बाद मंदिर प्रबंधन समिति की अहम बैठक हुई, जिसमें आगामी धार्मिक आयोजनों की रूपरेखा तय की गई।
मंदिर कमेटी के अध्यक्ष डॉ. नीरज कुमार ने बताया कि पवित्र सावन मास में भगवान शिव की विशेष आराधना की जा रही है। पूरे सावन मंदिर में प्रतिदिन सुबह विशेष रुद्राभिषेक, वैदिक हवन और पूजन कराया जा रहा है। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया जाता है। वहीं, प्रत्येक दिन संध्या वेला में विशेष पूजन और भव्य महाआरती का आयोजन कर भक्तों को प्रसाद वितरित किया जाता है।

उन्होंने बताया कि सावन की अंतिम सोमवारी को लेकर भी विशेष तैयारी की जा रही है। इस अवसर पर सुबह विशेष रुद्राभिषेक के बाद बाबा कुशेश्वरनाथ का दिव्य महाश्रृंगार किया जाएगा। आयोजन को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए मंदिर समिति के सदस्य पूरी तरह जुटे हुए हैं।
शुक्रवार को आयोजित धार्मिक अनुष्ठान और बैठक में मंदिर कमेटी के सदस्य गौरव त्रिवेदी, उत्कर्ष त्रिवेदी, हेमंत त्रिवेदी, मुन्ना तिवारी, रमेश मिश्रा, मणि मोहन कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु और भक्तगण मौजूद रहे। मंदिर परिसर पूरे दिन हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजता रहा।












