Advertisement

पति ने बंडेल ले जाने का झांसा देकर पत्नी को ट्रेन में बैठाया, मुजफ्फरपुर में भटकती मिली महिला

-पति ने बंडेल ले जाने का झांसा देकर पत्नी को ट्रेन में बैठाया, मुजफ्फरपुर में भटकती मिली महिला

मुजफ्फरपुर। वैवाहिक जीवन विश्वास के नाजुक धागे पर टिका होता है। जब पति-पत्नी के बीच भरोसा कमजोर पड़ता है तो रिश्ते पर इसका असर दिखने लगता है। ऐसा ही एक मामला पश्चिम बंगाल के वर्द्धमान जिले की रहने वाली महिला के साथ सामने आया है। आरोप है कि उसका पति उसे बंडेल ले जाने की बात कहकर ट्रेन में बैठा गया और खुद रास्ते में बहाना बनाकर ट्रेन से उतर गया। महिला को जब पति के साथ न होने की जानकारी हुई, तब तक ट्रेन मुजफ्फरपुर के भगवानपुर स्टेशन पहुंच चुकी थी।
पति के अचानक गायब होने के बाद महिला अनजान शहर में उसकी तलाश में भटकने लगी। भाषा की समस्या के कारण उसकी परेशानी और बढ़ गई। महिला बंग्ला बोलती है और हिंदी समझ नहीं पा रही थी। इसी दौरान वह शहर से सटे भगवानपुर के एक आवासीय इलाके में पहुंच गई।
शुक्रवार को कुछ युवकों द्वारा महिला के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किए जाने की सूचना स्थानीय लोगों ने सदर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित थाने ले आई। वहां पूछताछ के दौरान पुलिसकर्मियों को उसकी बात समझने में परेशानी हुई, क्योंकि महिला हिंदी नहीं समझ पा रही थी और बंग्ला में ही अपनी बात बता रही थी।


इसके बाद पुलिस ने बंग्ला समझने वाले एक व्यक्ति की मदद ली। अनुवाद के माध्यम से महिला ने पुलिस को बताया कि वह पश्चिम बंगाल के वर्द्धमान जिले की रहने वाली है। उसका पति उसे बंडेल ले जाने की बात कहकर ट्रेन में बैठा था। इसके बाद किसी बहाने से वह ट्रेन से उतर गया। महिला को जब पति के साथ न होने का पता चला, तब तक ट्रेन भगवानपुर स्टेशन पहुंच चुकी थी। इसके बाद वह ट्रेन से उतरकर पति की तलाश में इधर-उधर भटकने लगी।
पुलिस के अनुसार महिला के पति ने उसे किस ट्रेन में बैठाया था और खुद किस स्टेशन पर उतरा, इसकी जानकारी फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। महिला यह भी नहीं बता पा रही है कि पति उसे बंडेल क्यों ले जा रहा था। उसके पास पति का मोबाइल नंबर या पूरा पता भी उपलब्ध नहीं है।
फिलहाल सदर थाना पुलिस महिला के परिजनों से संपर्क करने के साथ ही पश्चिम बंगाल पुलिस से संपर्क करने का प्रयास कर रही है। पुलिस का उद्देश्य महिला के स्वजन का पता लगाकर उसे सुरक्षित उनके पास पहुंचाना है। साथ ही महिला से उपलब्ध जानकारी के आधार पर उसके पति के संबंध में भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है।