Advertisement

राजापाकर में निकली तिरंगा यात्रा, हर घर तिरंगा अभियान को लेकर छात्र-छात्राओं ने किया जागरूक

-राजापाकर में निकली तिरंगा यात्रा, हर घर तिरंगा अभियान को लेकर छात्र-छात्राओं ने किया जागरूक

राजापाकर/संजय श्रीवास्तव। राजापाकर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम के तहत रविवार को तिरंगा यात्रा और प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर विभिन्न चौक-चौराहों, गली-मोहल्लों से गुजरते हुए लोगों को राष्ट्रध्वज के सम्मान और देशभक्ति का संदेश दिया।
इसी क्रम में राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राजापाकर परिसर में सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल के छात्र-छात्राओं द्वारा भी हर घर तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने प्रभात फेरी करते हुए प्रखंड मुख्यालय के राजापाकर बाजार, हाई स्कूल चौक, पोस्ट ऑफिस चौक, शनिचर हाट चौक, कुशवाहा चौक और थाना रोड का भ्रमण किया। इसके बाद यात्रा वापस हाई स्कूल चौक पहुंचकर संपन्न हुई।


कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में प्रभारी प्रधानाध्यापक विजय कुमार ने छात्र-छात्राओं को तिरंगे के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। प्रत्येक भारतीय के लिए राष्ट्रध्वज का सम्मान सर्वोच्च है। उन्होंने विद्यार्थियों से हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से लोगों को राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना के लिए प्रेरित करने की अपील की।
इस अवसर पर प्रभारी प्रधानाध्यापक विजय कुमार के अलावा केशव नारायण राय, अमरेश प्रसाद सिंह, बिंदेश्वर राय, सुजीत कुमार, मीना कुमारी, सिद्रा शरीफ, शबनम खानम, दिलर अली खान सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।