Advertisement

मुजफ्फरपुर में बढ़ते अपराध पर एसएसपी सख्त, हाई लेवल क्राइम मीटिंग में थानेदारों को चेतावनी; लापरवाहों पर शो-कॉज

-मुजफ्फरपुर में बढ़ते अपराध पर एसएसपी सख्त, हाई लेवल क्राइम मीटिंग में थानेदारों को चेतावनी; लापरवाहों पर शो-कॉज

मुजफ्फरपुर ।जिले में हाल के दिनों में बढ़े अपराध और कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कांतेश कुमार मिश्रा ने शुक्रवार को उच्चस्तरीय क्राइम मीटिंग की। एसएसपी कार्यालय में आयोजित बैठक में सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी, सभी एसडीपीओ/डीएसपी, इंस्पेक्टर और थाना प्रभारी शामिल हुए। बैठक में हालिया आपराधिक घटनाओं की समीक्षा करते हुए एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि अपराध नियंत्रण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में एसएसपी ने सभी पुलिस अधिकारियों को क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, अपराधियों पर कड़ी नजर रखने और हर हाल में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही अवैध बालू और मिट्टी खनन करने वालों तथा शराब माफियाओं के खिलाफ लगातार छापेमारी कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने को कहा गया।


एसएसपी ने थानों में लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन और न्यायालय से जारी कुर्की-जब्ती के मामलों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का अल्टीमेटम दिया। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों में अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान थानों के कार्यों की समीक्षा भी की गई। बेहतर केस डिटेक्शन, अपराधियों की गिरफ्तारी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले थाना प्रभारियों की सराहना की गई। वहीं, कार्य में लापरवाही, मामलों को लंबित रखने और शिथिलता बरतने वाले कई थाना प्रभारियों को कड़ी फटकार लगाई गई। कर्तव्यहीनता के आरोप में कई लापरवाह थानेदारों को कारण बताओ नोटिस (शो-कॉज) भी जारी किया गया।
बैठक में शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पर भी विस्तार से चर्चा हुई। एसएसपी ने प्रमुख चौक-चौराहों और व्यस्त बाजारों में जाम की समस्या से निपटने के लिए ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय थानों को समन्वय के साथ कार्रवाई करने का निर्देश दिया। अवैध अतिक्रमण हटाने, नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों के खिलाफ क्रेन अभियान चलाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने की रणनीति भी तय की गई।
बैठक में सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी, ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर, टाउन डीएसपी सुरेश कुमार, एसडीपीओ टाउन-2 विनीता सिन्हा, डीएसपी वेस्ट-1 सुचित्रा कुमारी, एसडीपीओ वेस्ट-2 अनिमेश चंद्रा ज्ञानी, एसडीपीओ ईस्ट-1 अलय वत्स, एसडीपीओ ईस्ट-2 मनोज कुमार सिंह समेत जिले के सभी अंचल निरीक्षक और थाना प्रभारी मौजूद रहे।
एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने विश्वास जताया कि पुलिस की सख्ती, नियमित समीक्षा और प्रभावी कार्रवाई का असर आने वाले दिनों में जिले की कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण पर स्पष्ट रूप से देखने को मिलेगा।