Advertisement

हादसा:जलभराव वाले गड्ढे में डूबने से मां और 4 बच्चों की मौत, पुलिस कर रही जांच

-हादसा:जलभराव वाले गड्ढे में डूबने से मां और 4 बच्चों की मौत, पुलिस कर रही जांच

मोतिहारी, राजन द्विवेदी।

पूर्वी चंपारण जिले के गोविंदगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां बभनौली पंचायत के चौर में बने मिट्टी के गहरे गड्ढे में डूबने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक महिला और उसके चार बच्चे शामिल हैं।

– क्या हुआ पूरा मामला

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान बभनौली गांव निवासी धर्मेंद्र महतो की पत्नी 35 वर्षीय सुशीला देवी और उनके चार बच्चों में 11 वर्षीय अमृता कुमारी, 8 वर्षीय अविनाश कुमार, 6 वर्षीय पम्मी कुमारी और 4 वर्षीय रवि कुमार के रूप में हुई है।

ग्रामीणों ने बताया कि गुरुवार को सुशीला देवी अपने चारों बच्चों के साथ घर से निकली थीं। देर शाम तक वापस न लौटने पर परिजनों और गांव वालों ने रातभर उनकी खोजबीन की। शुक्रवार सुबह चौर स्थित जलभराव वाले गड्ढे में पांचों के शव तैरते दिखे। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शवों को बाहर निकलवाया।

– आशंका और जांच

प्रारंभिक तौर पर पुलिस मान रही है कि बरसात के पानी से भरे गहरे गड्ढे में शायद पहले कोई बच्चा फिसल गया होगा। उसे बचाने के चक्कर में मां और बाकी बच्चे भी डूब गए। लेकिन पुलिस ने इसे अंतिम कारण मानने से इनकार किया है।

गोविंदगंज थानाध्यक्ष सच्चिदानंद प्रसाद ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। दुर्घटना के साथ-साथ पारिवारिक कलह के बिंदु पर भी तहकीकात हो रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्य और परिजनों के बयान के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा।

घटना की खबर मिलते ही प्रखंड विकास पदाधिकारी आदित्य कुमार दीक्षित भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन विभाग के नियमों के तहत मृतकों के आश्रितों को अनुग्रह सहायता राशि दी जाएगी।

एक साथ पांच शव मिलने से पूरे गांव में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।