-समस्तीपुर में 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान का शुभारंभ, हजारों विद्यार्थियों ने लिया नशामुक्त रहने का संकल्प
समस्तीपुर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की सह-संस्था राजयोग एजुकेशन एंड रिसर्च फ़ाउंडेशन के मेडिकल विंग द्वारा गुरुवार से देशव्यापी 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान का शुभारंभ किया गया। इसी क्रम में ताजपुर रोड स्थित स्थानीय सेवाकेंद्र की ओर से भी जिलेभर में अभियान की शुरुआत करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
अभियान के तहत स्थानीय सेवाकेंद्र सहित जिले के विभिन्न प्रखंडों के स्कूलों, कॉलेजों और कोचिंग संस्थानों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया तथा जीवनभर नशामुक्त रहने और मूल्यनिष्ठ जीवन जीने की सामूहिक प्रतिज्ञा दिलाई गई। कार्यक्रम में हजारों विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अभियान की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।

संस्थान की ओर से बताया गया कि यह महाअभियान 6 अगस्त से 20 अगस्त तक चलेगा। इन 15 दिनों के दौरान देशभर में 10 करोड़ लोगों को नशामुक्ति की प्रतिज्ञा दिलाने का लक्ष्य रखा गया है।ताजपुर रोड स्थित स्थानीय सेवाकेंद्र में आयोजित शुभारंभ कार्यक्रम में बीके कृष्ण भाई, बीके सविता बहन, राजकुमार भाई, तरुण भाई, वरुण भाई, विनय भाई सहित बड़ी संख्या में ब्रह्माकुमारी परिवार के भाई-बहन उपस्थित रहे। सभी ने अपने परिवार, मित्रों और परिचितों को भी इस अभियान से जोड़ने का संकल्प लिया।
संस्थान ने बताया कि उसके नशामुक्ति अभियान को भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा संचालित नशामुक्त भारत अभियान तथा गृह मंत्रालय के नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के मिशन स्पंदन के अंतर्गत भी सहयोग प्राप्त है। इस दिशा में ब्रह्माकुमारीज के साथ समझौता-ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। वहीं बिहार सरकार ने भी राज्य में नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए ब्रह्माकुमारीज के साथ मिलकर कार्य करने का निर्णय लिया है।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि नशामुक्त युवा ही स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत की नींव हैं। समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी से ही नशामुक्त भारत का सपना साकार किया जा सकता है।











