-मुजफ्फरपुर में निकली भव्य धार्मिक शोभायात्रा, 151 फीट तिरंगा यात्रा और महाकाल की झांकी बनी आकर्षण का केंद्र
मुजफ्फरपुर। सावन माह के अवसर पर ॐ सेवा दल, मुजफ्फरपुर की ओर से बुधवार को भव्य धार्मिक शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में भगवान जगन्नाथ की झांकी, महाकाल की भव्य झांकी और 151 फीट लंबी तिरंगा यात्रा श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
शोभायात्रा का शुभारंभ सिकंदरपुर सीढ़ी घाट से हुआ। यह रानी सती मंदिर, सरैयागंज टावर, नवयुवक समिति, जवाहरलाल रोड, कल्याणी चौक, हरिसभा चौक, पानी टंकी चौक सहित शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए बाबा गरीबनाथ मंदिर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना की।

यात्रा में गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़े, घोड़े और धार्मिक भजनों के साथ पूरा शहर भक्तिमय वातावरण में सराबोर नजर आया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा का स्वागत किया और पुष्पवर्षा कर भगवान के जयकारे लगाए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक विजेंद्र चौधरी, डॉ. नवीन कुमार एवं पप्पू सिंह शामिल हुए। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना और आध्यात्मिक मूल्यों को मजबूत करने का कार्य करते हैं।
इस अवसर पर ॐ सेवा दल के अध्यक्ष पारस नाथ प्रसाद, संरक्षक पप्पू सिंह, मीडिया प्रभारी अजीत कुमार के अलावा मिंटू कुमार, सूरज कुमार, अजय कुमार, नवीन कुमार, अमित रंजन, अंजन कुमार, राहुल कुमार, सनी कुमार, राजेश शर्मा, प्रिंस कुमार, सोनू कुमार, चंदन कुशवाहा सिंह, दीप मोहन, अरविंद सहित सैकड़ों श्रद्धालु एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। आयोजन शांतिपूर्ण और श्रद्धापूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।











