-नेब्रास्का में आयरा कश्यप ने लहराया परचम, यूएसए नेशनल रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप में जीता रजत पदक
गया। गया के 242 ए.पी. कॉलोनी निवासी अशोक कुमार सिंह एवं आभा सिंह की नातिन, सैक्रामेंटो (कैलिफ़ोर्निया, अमेरिका) निवासी आयरा कश्यप ने लिंकन, नेब्रास्का में आयोजित यूएसए नेशनल रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप की प्राइमरी डांस सोलो स्पर्धा में द्वितीय स्थान प्राप्त कर पूरे परिवार, गया शहर और भारतीय समुदाय का गौरव बढ़ाया है।
आयरा ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण के दम पर राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में रजत पदक हासिल किया।

कम उम्र में मिली यह सफलता युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है। यह प्रतियोगिता इन दिनों लिंकन, नेब्रास्का में आयोजित यूएसए रोलर स्पोर्ट्स नेशनल चैंपियनशिप के अंतर्गत आयोजित की जा रही है।
आयरा की इस शानदार उपलब्धि पर परिवार में खुशी का माहौल है। परिजनों ने इसे वर्षों की मेहनत और लगन का परिणाम बताया। सभी ने आयरा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह आगे भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और परिवार का नाम रोशन करती रहेंगी।
आयरा की इस सफलता पर गया जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष हरिप्रपन्न ने उन्हें हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि आयरा की उपलब्धि जिले के लिए गर्व का विषय है और उनकी सफलता अन्य खिलाड़ियों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी। साथ ही उन्होंने आयरा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।












