Advertisement

मुजफ्फरपुर में 14 सितंबर से शुरू होगा भव्य गणेशोत्सव, माता पार्वती की गोद में विराजेंगे गजानन

-मुजफ्फरपुर में 14 सितंबर से शुरू होगा भव्य गणेशोत्सव, माता पार्वती की गोद में विराजेंगे गजानन

मुजफ्फरपुर। शहर के खादी भंडार रोड स्थित नई तालीम मध्य विद्यालय के समीप इस वर्ष 14 सितंबर से भव्य गणेशोत्सव का आयोजन किया जाएगा। गणेशोत्सव पूजा समिति की ओर से आयोजित इस उत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस बार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र भगवान गणेश की विशेष प्रतिमा होगी, जिसमें माता पार्वती की गोद में विराजमान गजानन का मनोहारी स्वरूप देखने को मिलेगा।
पूजा समिति के अध्यक्ष राकेश रंजन ने बताया कि आयोजन स्थल पर भगवान गणेश की भव्य प्रतिमा का निर्माण कराया जा रहा है। विशाल एवं आकर्षक पंडाल में विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा, जिसमें कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
उन्होंने बताया कि गणेशोत्सव को यादगार बनाने के लिए करीब दो किलोमीटर के क्षेत्र को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया जाएगा। वहीं, पूजा पंडाल को फूलों की आकर्षक सजावट और विशेष कारीगरी से भव्य स्वरूप दिया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक माहौल का अनुभव हो सके।


गणेशोत्सव पूजा समिति के संरक्षक कृष्णानंद पांडेय, अध्यक्ष बद्री नारायण ओझा, कार्यकारी अध्यक्ष पप्पू सिंह, अध्यक्ष राकेश रंजन, उपाध्यक्ष गौरव कुमार एवं राजीव कुमार, सचिव भारत भूषण के नेतृत्व में आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। समिति के सक्रिय सदस्यों में गौख कुमार, शिवम कुमार, कमल भट्टाचार्य, कपलेश्वर कुमार, रौशन चौधरी, वेदांत कुमार, समरेंद्र कुमार, श्रवण कुमार, अजय कुमार, संतोष रॉक, राजू कुमार और गौतम कुमार सहित अन्य सदस्य पूरी निष्ठा के साथ आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।
समिति का कहना है कि इस वर्ष का गणेशोत्सव धार्मिक आस्था के साथ-साथ सांस्कृतिक विविधता और भव्य सजावट के कारण शहरवासियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगा।