Advertisement

सावन महोत्सव से पहले बाबा गरीबनाथ सेवा दल रामगढ़ परिवार ने किया सम्मान समारोह, पत्रकारों व समिति सदस्यों का हुआ अभिनंदन

-सावन महोत्सव से पहले बाबा गरीबनाथ सेवा दल रामगढ़ परिवार ने किया सम्मान समारोह, पत्रकारों व समिति सदस्यों का हुआ अभिनंदन

मुजफ्फरपुर। आगामी सावन माह और बाबा गरीबनाथ धाम में होने वाले धार्मिक आयोजनों को लेकर बाबा गरीबनाथ सेवा दल रामगढ़ परिवार की ओर से रामदयालू स्थित गणेश पैलेस प्रांगण में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाजसेवा, धार्मिक आयोजन और पत्रकारिता से जुड़े लोगों को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री सुरेश शर्मा एवं भाजपा नेता विवेक कुमार उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने सावन माह के दौरान सेवा कार्यों में जुटे स्वयंसेवकों और पत्रकारों की भूमिका की प्रशंसा करते हुए कहा कि बाबा गरीबनाथ धाम में आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा करना एक पुण्य कार्य है।


कार्यक्रम के दौरान सभी पत्रकार बंधुओं एवं समिति के सदस्यों को अंगवस्त्र और स्मृति-चिह्न (मोमेंटो) भेंट कर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने बताया कि सावन माह में श्रद्धालुओं की सुविधा, सेवा और व्यवस्था को लेकर सेवा दल पूरी तत्परता के साथ कार्य करेगा।
समारोह में समिति के पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, गणमान्य नागरिकों एवं बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।