Advertisement

औराई में श्रद्धालुओं से भरी गाड़ी पलटी, 11 घायल; 7 की हालत गंभीर,एसकेएमसीएच रेफर

-औराई में श्रद्धालुओं से भरी गाड़ी पलटी, 11 घायल; 7 की हालत गंभीर,एसकेएमसीएच रेफर

मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पाकड़ चौक के समीप श्रद्धालुओं से भरी एक गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में वाहन पर सवार सभी 11 लोग घायल हो गए, जिनमें से 7 की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल सभी लोगों को बेहतर इलाज के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, औराई थाना क्षेत्र के अलीनगर गांव के 11 श्रद्धालु एक ही वाहन से उर्स मेले में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान पाकड़ चौक के पास चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और गाड़ी पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।


स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और सभी घायलों को बाहर निकालकर औराई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद चार घायलों का इलाज पीएचसी में ही जारी रखा, जबकि सात गंभीर घायलों की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए SKMCH मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही औराई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। वहीं, इस दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और परिजनों में चिंता का माहौल है।