-मुजफ्फरपुर में हाई अलर्ट के बाद इंटरनेट सेवा बहाल, डीएम-एसएसपी ने की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा
मुजफ्फरपुर। बिहार बंद के आह्वान के मद्देनज़र मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए। संभावित उपद्रव, अफवाहों और सोशल मीडिया के माध्यम से माहौल बिगाड़ने की आशंका को देखते हुए शुक्रवार देर शाम जिलाधिकारी गौरव कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक ने जिले के सभी वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर स्थिति की समीक्षा की।
बैठक में सभी अनुमंडल पदाधिकारियों (एसडीओ), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों (एसडीपीओ), थानाध्यक्षों तथा अन्य संबंधित अधिकारियों से जमीनी स्थिति की विस्तृत जानकारी ली गई। अधिकारियों ने बताया कि जिले में कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है और कहीं से भी किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है।

स्थिति सामान्य होने के बाद जिला प्रशासन ने जनहित को ध्यान में रखते हुए गृह विभाग से इंटरनेट सेवा पर लगी अस्थायी रोक हटाने की अनुशंसा की। इसके बाद जिले में इंटरनेट सेवाएं बहाल कर दी गईं।
प्रशासन के अनुसार, बिहार बंद के दौरान कुछ असामाजिक तत्व सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर सकते थे। इसी आशंका के मद्देनज़र मुजफ्फरपुर के शहरी क्षेत्रों में इंटरनेट और सोशल मीडिया गतिविधियों पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया गया था। इस दौरान पुलिस और प्रशासन लगातार हर गतिविधि पर पैनी नजर बनाए हुए थे।
जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा कि कानून हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिले के सभी थानों को अलर्ट मोड पर रखा गया है तथा संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।
प्रशासन ने आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि भड़काऊ पोस्ट करने, अफवाह फैलाने या शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल मुजफ्फरपुर में स्थिति पूरी तरह सामान्य बताई जा रही है। प्रशासन और पुलिस की सतर्क निगरानी के बीच जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी जारी है।












