Advertisement

छात्र आंदोलन पर मुजफ्फरपुर पुलिस सख्त, उपद्रवियों की सूचना देने पर ₹10 हजार इनाम का ऐलान

-छात्र आंदोलन पर मुजफ्फरपुर पुलिस सख्त, उपद्रवियों की सूचना देने पर ₹10 हजार इनाम का ऐलान

मुजफ्फरपुर। दिल्ली के जंतर-मंतर से शुरू हुआ छात्र आंदोलन अब बिहार के कई जिलों के साथ-साथ मुजफ्फरपुर भी पहुंच गया है। छात्रों के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इस बीच मुजफ्फरपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन सभी का लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन हिंसा और तोड़फोड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कांतेश कुमार मिश्रा ने मुजफ्फरपुर पुलिस के आधिकारिक फेसबुक पेज पर लाइव आकर कहा कि आंदोलन के दौरान यदि किसी ने सरकारी या निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून हाथ में लेने की अनुमति किसी को नहीं है और उपद्रवियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


एसएसपी ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि आंदोलन के दौरान कोई व्यक्ति सरकारी या निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाता है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। साथ ही ऐसे उपद्रवियों की पहचान कराने वाले व्यक्ति को 10 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा भी की गई है।
छात्रों के संभावित प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन ने पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर दंडाधिकारी और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। इसके बावजूद आक्रोश मार्च के दौरान शाम में समाहरणालय गेट के समीप कुछ लोगों द्वारा सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने आंदोलनकारी छात्रों से संयम बरतने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की हिंसा या तोड़फोड़ उनके भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है। उन्होंने कहा कि अदालत की प्रक्रिया लंबी होती है, इसलिए छात्र ऐसे किसी भी कदम से बचें, जिससे उन्हें कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़े।
फिलहाल छात्र आंदोलन को देखते हुए मुजफ्फरपुर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।