Advertisement

बिहार विधानसभा में मीडिया का विरोध: प्रेस प्रतिनिधि को प्रवेश नहीं मिलने पर पत्रकारों ने किया कवरेज का बहिष्कार

-बिहार विधानसभा में मीडिया का विरोध: प्रेस प्रतिनिधि को प्रवेश नहीं मिलने पर पत्रकारों ने किया कवरेज का बहिष्कार

पटना/दीपक। बिहार विधानमंडल के मानसून सत्र के तीसरे दिन विधानसभा परिसर में उस समय अलग माहौल देखने को मिला, जब एक संस्थान के प्रेस प्रतिनिधि को विधानसभा परिसर में प्रवेश नहीं दिए जाने के विरोध में पत्रकारों ने सामूहिक रूप से कवरेज का बहिष्कार कर दिया।
विरोध स्वरूप विधानसभा पोर्टिको के बाहर मीडिया कर्मियों ने अपने कैमरे नीचे रख दिए और फोटोग्राफी तथा वीडियो कवरेज पूरी तरह बंद कर दी। सामान्य दिनों में जहां विधानसभा परिसर में नेताओं की गतिविधियों और विपक्ष के प्रदर्शन को कैमरों में कैद करने की होड़ रहती है, वहीं इस विरोध के चलते मीडिया कर्मियों ने किसी भी घटनाक्रम की तस्वीर या वीडियो रिकॉर्ड नहीं किया।


बताया जा रहा है कि एक प्रेस प्रतिनिधि को विधानसभा परिसर में प्रवेश से रोक दिए जाने के बाद पत्रकारों में नाराजगी फैल गई। इसके बाद विभिन्न मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधियों ने एकजुट होकर विधानसभा की कार्यवाही और परिसर की गतिविधियों का कवरेज नहीं करने का निर्णय लिया।
इस दौरान विधानसभा पोर्टिको में विपक्षी विधायक सरकार के खिलाफ पोस्टर लेकर प्रदर्शन और नारेबाजी करते रहे, लेकिन पत्रकारों ने विरोध के तहत उनके प्रदर्शन की भी फोटोग्राफी और वीडियो रिकॉर्डिंग से दूरी बनाए रखी।
पत्रकारों के इस कदम से विधानसभा परिसर में सामान्य दिनों की तुलना में अलग स्थिति देखने को मिली। फिलहाल इस मामले पर विधानसभा प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।