-बेनीबाद के आवासीय विद्यालय से 15 वर्षीय छात्र लापता, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
दीपक कुमार / गायघाट
मुजफ्फरपुर जिले के बेनीबाद थाना क्षेत्र स्थित आदर्श सरस्वती आवासीय विद्यालय, जाता कांटा के हॉस्टल से 15 वर्षीय छात्र के लापता होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था और हॉस्टल प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस छात्र की तलाश में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, अंकित कुमार (15 वर्ष), दरभंगा जिले के भरवाड़ा निवासी प्रशांत भारती के पुत्र हैं। वह विद्यालय के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहे थे। मंगलवार की सुबह करीब 4:30 बजे वह बिना किसी अनुमति के हॉस्टल से बाहर निकल गए और इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल सका।

छात्र के लापता होने की सूचना मिलते ही बेनीबाद थाना प्रभारी राजकुमार गौतम स्वयं विद्यालय पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने हॉस्टल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली है ताकि छात्र के बाहर जाने की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने विद्यालय प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यदि हॉस्टल में रात्रिकालीन उपस्थिति (नाइट रोल कॉल), वार्डन की नियमित निगरानी और परिसर की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ होती, तो छात्र देर रात या तड़के हॉस्टल से बाहर नहीं निकल पाता।
फिलहाल पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और छात्र की तलाश जारी है। वहीं, इस घटना ने आवासीय विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।











