Advertisement

तबाही : कटरा पीपा पुल के दोनों ओर 5 फीट तक चढ़ा पानी, आवागमन ठप

-तबाही : कटरा पीपा पुल के दोनों ओर 5 फीट तक चढ़ा पानी, आवागमन ठप

मुजफ्फरपुर। नेपाल के तराई क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब मुजफ्फरपुर जिले की बागमती नदी में साफ दिखाई देने लगा है। बागमती नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि के कारण कटरा प्रखंड स्थित पीपा पुल के दोनों ओर करीब पांच फीट तक बाढ़ का पानी चढ़ गया है। इसके चलते पुल से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है और आसपास के क्षेत्रों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। हाल के दिनों में प्रशासन ने भी बागमती समेत तिरहुत की प्रमुख नदियों के बढ़ते जलस्तर को लेकर अलर्ट जारी किया है।


स्थानीय लोगों के अनुसार, बाढ़ का पानी तेजी से फैलने के कारण कई गांवों का संपर्क प्रखंड मुख्यालय से टूटने की कगार पर पहुंच गया है। लोगों को दैनिक जरूरतों के सामान, इलाज और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जलस्तर बढ़ने के कारण पीपा पुल पर पहले ही आवाजाही रोकने की नौबत आ चुकी है और स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है।
प्रशासन बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। निचले एवं नदी किनारे के बसावटों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित रहने की अपील की गयी है।