Advertisement

युवक की बेरहमी से हत्या, शौच के लिए निकले अर्जुन सहनी को अपराधियों ने उतारा मौत के घाट

-युवक की बेरहमी से हत्या, शौच के लिए निकले अर्जुन सहनी को अपराधियों ने उतारा मौत के घाट

मुजफ्फरपुर (सरैया)। जिले के सरैया थाना क्षेत्र के सुपना गांव में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। अज्ञात अपराधियों ने गांव निवासी अर्जुन सहनी की धारदार हथियार से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, अर्जुन सहनी रोज की तरह सुबह शौच के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने सुनसान स्थान पर उन पर अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने ताबड़तोड़ वार कर उनकी मौके पर ही हत्या कर दी और फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए। सूचना पर सरैया थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य और नमूने एकत्र किए।


पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
सरैया थाना पुलिस ने बताया कि परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। सभी पहलुओं पर जांच जारी है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद सुपना गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।