Advertisement

मुजफ्फरपुर के औराई में सर्राफ कारोबारी को गोली मारकर लूट, डेढ़ लाख रुपये लेकर बदमाश फरार

-मुजफ्फरपुर के औराई में सर्राफ कारोबारी को गोली मारकर लूट, डेढ़ लाख रुपये लेकर बदमाश फरार

मुजफ्फरपुर। जिले के औराई थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात बेखौफ अपराधियों ने एक सर्राफ कारोबारी को गोली मारकर सनसनीखेज लूटकांड को अंजाम दिया। बदमाशों ने कारोबारी पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें एक गोली उन्हें जा लगी। इसके बाद अपराधी बैग में रखी करीब एक से डेढ़ लाख रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके के स्वर्ण व्यवसायियों में दहशत का माहौल है। घायल कारोबारी का इलाज श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, महिसौथा निवासी स्वर्ण व्यवसायी बबलू कुमार उर्फ बबलू साह शुक्रवार की रात करीब आठ बजे अपनी सोना-चांदी की दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान दो संदिग्ध युवक उनका पीछा करते हुए पहुंचे और रास्ते में रोककर बैग के बारे में पूछताछ करने लगे।

कारोबारी ने बैग में कुछ खास नहीं होने की बात कही, जिसके बाद दोनों उन्हें जाने देने का नाटक करते हुए आगे बढ़ गए।
कुछ दूरी तय करते ही पहले से घात लगाए बाइक सवार अन्य बदमाश सामने आ गए और कारोबारी को चारों तरफ से घेर लिया। अपराधियों ने बैग छीनने का प्रयास किया, जिससे बैग का स्ट्रैप टूट गया। विरोध करने पर बदमाशों ने पिस्टल निकाल ली। जान बचाने के लिए बबलू कुमार बाइक छोड़कर भागने लगे, लेकिन अपराधियों ने उन पर दो राउंड फायरिंग कर दी। पहली गोली निशाने से चूक गई, जबकि दूसरी गोली उन्हें जा लगी। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े।
घायल होने के बाद बदमाश बैग में रखी करीब एक से डेढ़ लाख रुपये की नकदी लेकर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही औराई थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल कारोबारी को इलाज के लिए एसकेएमसीएच भेजा। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
पुलिस का कहना है कि अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर इलाके की कानून-व्यवस्था और व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।