Advertisement

राजापाकर सीएचसी में स्वास्थ्य जांच शिविर, 112 गर्भवती महिलाओं की हुई जांच

-राजापाकर सीएचसी में स्वास्थ्य जांच शिविर, 112 गर्भवती महिलाओं की हुई जांच

राजापाकर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) राजापाकर परिसर में प्रधानमंत्री जननी सुरक्षा योजना के तहत गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 112 गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक दवाएं एवं पोषण संबंधी परामर्श दिया गया।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एस.पी. उपाध्याय ने बताया कि शिविर के दौरान गर्भवती महिलाओं की हीमोग्लोबिन, रक्तचाप (बीपी), वजन, एचआईवी सहित अन्य आवश्यक जांचें की गईं। जांच के बाद महिलाओं को आयरन, कैल्शियम और विटामिन-बी कॉम्प्लेक्स की गोलियां उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में डॉ. सोनाली, डॉ. मनीषा और डॉ. रमेश चंद्रा ने महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की। वहीं एएनएम पूजा कुमारी, हेमा कुमारी, गुंजन कुमारी, शांति कुमारी एवं सुषमा कुमारी ने शिविर के संचालन में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।


चिकित्सकों ने गर्भवती महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान भारी वजन नहीं उठाने, संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने की सलाह दी। उन्होंने हरी सब्जियां, फल, दूध, अंडा, मछली और अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थों के नियमित सेवन पर जोर दिया।
इसके साथ ही महिलाओं को प्रत्येक माह आयोजित होने वाले गर्भवती जांच शिविर (एएनसी क्लिनिक) में नियमित रूप से पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी गई। चिकित्सकों ने कहा कि नियमित जांच से मां और शिशु दोनों का स्वास्थ्य सुरक्षित रहता है।
डॉक्टरों ने सभी गर्भवती महिलाओं से अपील की कि वे सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में ही सुरक्षित प्रसव कराएं, जहां प्रशिक्षित चिकित्सक एवं एएनएम की देखरेख में प्रसव कराया जाता है। इससे जच्चा और बच्चा दोनों सुरक्षित रहते हैं।
शिविर में प्रखंड क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों से आशा कार्यकर्ताओं ने गर्भवती महिलाओं को चिन्हित कर स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।