Advertisement

टीबी स्क्रीनिंग अभियान के बीच स्वास्थ्यकर्मियों की छुट्टियों पर रोक, जरूरी होने पर सीएस की अनुमति से मिलेगा अवकाश

-टीबी स्क्रीनिंग अभियान के बीच स्वास्थ्यकर्मियों की छुट्टियों पर रोक, जरूरी होने पर सीएस की अनुमति से मिलेगा अवकाश

पटना। जिले में चल रहे विशेष टीबी स्क्रीनिंग अभियान और पोलियो उन्मूलन कार्यक्रम के मद्देनजर जिला स्वास्थ्य समिति ने अगले आदेश तक स्वास्थ्यकर्मियों के सभी प्रकार के अवकाश पर रोक लगा दी है। जिला स्वास्थ्य समिति की नोडल अधिकारी नोमिता मिश्रा की ओर से स्वास्थ्यकर्मियों के आधिकारिक व्हाट्सएप ग्रुप में जारी संदेश के माध्यम से यह निर्देश दिया गया है। इसमें कहा गया है कि अगले आदेश तक किसी भी प्रकार का अवकाश स्वीकृत नहीं किया जाएगा। यदि किसी कर्मचारी को अत्यावश्यक कारण से छुट्टी चाहिए तो इसकी जानकारी सिविल सर्जन (सीएस) को देकर उनकी सहमति प्राप्त करनी होगी।
जिले में 230 से अधिक सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ), एएनएम और अन्य महिला स्वास्थ्यकर्मी विभिन्न क्षेत्रों में टीबी स्क्रीनिंग और पोलियो उन्मूलन अभियान में जुटे हुए हैं। ऐसे में अवकाश पर रोक के इस निर्देश को लेकर स्वास्थ्यकर्मियों के बीच असंतोष की स्थिति देखी जा रही है। उनका कहना है कि बिना किसी औपचारिक पत्र के केवल व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से इस तरह का आदेश जारी करना उचित नहीं है और इससे कर्मचारियों का मनोबल प्रभावित होता है।


स्वास्थ्यकर्मी संगठनों ने भी इस निर्णय पर आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि विधिवत कार्यालयी आदेश के बिना सभी प्रकार के अवकाश पर रोक लगाना नियमसंगत नहीं है। संगठनों ने कहा कि वे इस मामले को लेकर वरीय अधिकारियों और सिविल सर्जन से बातचीत करेंगे।
इधर, सिविल सर्जन डॉ. योगेन्द्र प्रसाद मंडल ने स्पष्ट किया कि यदि किसी महिला स्वास्थ्यकर्मी को आवश्यक परिस्थितियों में अवकाश की जरूरत पड़ती है तो वह पूर्व सहमति लेकर छुट्टी ले सकती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में संबंधित कर्मी को अपने प्रखंड कार्यालय को भी इसकी सूचना देनी होगी, ताकि टीबी स्क्रीनिंग और पोलियो उन्मूलन अभियान का कार्य प्रभावित न हो।