Advertisement

मुजफ्फरपुर के बहादुरपुर में ट्रक ने रौंदी 20 वर्षीय अंशु कुमारी, घंटों सड़क जाम; पुलिस ने समझा-बुझाकर शव SKMCH भेजा

-मुजफ्फरपुर के बहादुरपुर में ट्रक ने रौंदी 20 वर्षीय अंशु कुमारी, घंटों सड़क जाम; पुलिस ने समझा-बुझाकर शव SKMCH भेजा

मुजफ्फरपुर/गायघाट। दीपक । गायघाट थाना क्षेत्र के बहादुरपुर में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 20 वर्षीय अंशु कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर ट्रक चालक की गिरफ्तारी और उचित मुआवजे की मांग को लेकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार, बखरी केशो गांव निवासी सर्वन सहनी की पुत्री अंशु कुमारी अपने खेत में घास लाने जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवती की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।


घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात घंटों बाधित रहा।
सूचना मिलने पर गायघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। काफी मशक्कत के बाद सड़क जाम समाप्त कराया गया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच, मुजफ्फरपुर भेज दिया।
पुलिस ने ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है, वहीं एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर सवाल उठने लगे हैं।