Advertisement

सोमनाथ यात्रा की तैयारियां तेज, पाटलिपुत्र स्टेशन पर अधिकारियों ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

-सोमनाथ यात्रा की तैयारियां तेज, पाटलिपुत्र स्टेशन पर अधिकारियों ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

पटना, 3 जुलाई। आगामी ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व–1000 वर्ष की अद्भुत आस्था’ के तहत 20 जुलाई को आयोजित होने वाली सोमनाथ यात्रा की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में कला एवं संस्कृति विभाग के सचिव प्रणव कुमार ने शुक्रवार को पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उनके साथ सांस्कृतिक कार्य निदेशालय की निदेशक रूबी, संग्रहालय निदेशक श्री कृष्ण कुमार तथा विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं के स्वागत, पंजीकरण, बैठने की व्यवस्था, प्लेटफॉर्म प्रबंधन, सुरक्षा, चिकित्सा सहायता, पेयजल, स्वच्छता, सूचना सहायता केंद्र और सामान प्रबंधन समेत सभी आवश्यक सुविधाओं का निरीक्षण किया।
सचिव प्रणव कुमार ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यान्वयन एजेंसियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और सुव्यवस्थित ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि यह यात्रा बिहार सरकार की महत्वपूर्ण सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक पहल है और विभाग का लक्ष्य प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं गरिमामय यात्रा का अनुभव कराना है। उन्होंने सभी विभागों और एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान रेलवे प्रशासन और संबंधित एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की गई तथा विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
गौरतलब है कि 20 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाली इस विशेष यात्रा में करीब 1100 श्रद्धालु विशेष रेलगाड़ी से पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन से सोमनाथ के लिए रवाना होंगे। बिहार सरकार की ओर से श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान सभी आवश्यक सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।