-चीनी मिल की 14 एकड़ जमीन के गलत परिमार्जन मामले में डीएम सख्त, राजस्व कर्मचारी निलंबि
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
मोतिहारी चीनी मिल की 14 एकड़ जमीन के गलत परिमार्जन मामले में नवपदस्थापित डीएम सौरभ सुमन यादव ने बड़ी कार्रवाई की है। सदर अंचल के राजस्व कर्मचारी कृष्णा कुमार श्रीवास्तव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
– क्या है मामला
आरोप है कि राजस्व कर्मचारी कृष्णा कुमार श्रीवास्तव ने तीन अलग-अलग आवेदनों में गलत जांच रिपोर्ट तैयार की थी। इसी रिपोर्ट के आधार पर चीनी मिल की जमीन का नियम विरुद्ध परिमार्जन कर दिया गया था।
सदर डीसीएलआर के संज्ञान में मामला आने के बाद पोर्टल पर हुए परिमार्जन को शून्य कर दिया गया है।
-दबाव में की गलत अनुशंसा का आरोप
चर्चा है कि एक बड़े अधिकारी के डाटा ऑपरेटर ने राजस्व कर्मचारी पर ‘साहब का आदेश है’ कहकर दबाव बनाया था। इसी दबाव में आकर कर्मचारी ने गलत अनुशंसा कर दी। इसे प्रशासन ने कर्तव्यहीनता और अनुशासनहीनता माना है।

अधिकारियों के अनुसार यह आचरण भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 और बिहार सरकारी सेवक आचार नियमावली 1976 के खिलाफ है।
– डीएम ने की पुष्टि
जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने कहा, कि राजस्व कर्मचारी कृष्णा कुमार श्रीवास्तव ने तीनों परिमार्जन मामलों में अनियमितता बरती है। इनका आचरण भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और बिहार सरकारी सेवक आचार नियमावली के खिलाफ है। प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर इन्हें निलंबित किया गया है।
फिलहाल निलंबन के बाद विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। जांच में अन्य अधिकारियों की भूमिका भी सामने आ सकती है। प्रशासन ने साफ किया है कि सरकारी जमीन से जुड़े मामलों में गड़बड़ी करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।












