-राजापाकर में कृषि चौपाल आयोजित, किसानों को योजनाओं और आधुनिक खेती की दी गई जानकारी
राजापाकर, संवाददाता। संजय।
कृषि विभाग द्वारा प्रखंड क्षेत्र की बैकुंठपुर एवं राजापाकर उत्तरी पंचायत में कृषि चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान किसानों को विभागीय योजनाओं, आधुनिक खेती की तकनीकों तथा कृषि अनुदान से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
प्रखंड कृषि पदाधिकारी आनंद मौर्य ने बताया कि बैकुंठपुर पंचायत के रामपुर दिलावर गांव में मनोज मिश्रा के घर के समीप तथा राजापाकर उत्तरी पंचायत के बसरा स्थित किसान भवन कार्यालय में कृषि चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष प्रगतिशील किसानों ने भाग लिया।
चौपाल को संबोधित करते हुए प्रखंड तकनीकी प्रबंधक रौनी कुमार ने कृषि विभाग की विभिन्न लाभकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों से किसान पंजीकरण अवश्य कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि जो किसान अभी तक पंजीकरण नहीं करा सके हैं, वे अपने पंचायत के कृषि सलाहकार से संपर्क कर जल्द से जल्द रजिस्ट्रेशन कराएं, अन्यथा उन्हें विभागीय योजनाओं के तहत मिलने वाली सब्सिडी एवं अन्य लाभ नहीं मिल पाएंगे।

किसानों को मिट्टी जांच के आधार पर खेती करने की सलाह दी गई। अधिकारियों ने बताया कि मिट्टी परीक्षण से आवश्यक पोषक तत्वों की जानकारी मिलती है, जिससे कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है। साथ ही रासायनिक उर्वरकों की अपेक्षा जैविक खेती और जैविक खाद के उपयोग पर जोर दिया गया, जिससे मिट्टी की उर्वरा शक्ति बनी रहती है और उत्पादन लागत भी कम होती है।
कृषि यंत्रीकरण योजना की जानकारी देते हुए किसानों को बिहार कृषि ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करने के लिए प्रेरित किया गया। बताया गया कि आवेदन के बाद कृषि उपकरणों पर सरकार द्वारा निर्धारित सब्सिडी का लाभ प्राप्त किया जा सकता है।
कृषि सलाहकार रामदयाल कुमार ने किसानों को बीज उपचार के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि बीज उपचार कर बोआई करने से बीज कीटों से सुरक्षित रहता है और फसल की गुणवत्ता एवं उत्पादन बेहतर होता है।
चौपाल में यह भी जानकारी दी गई कि एक एकड़ भूमि वाले किसानों को बोरिंग लगाने के लिए 80 प्रतिशत तक अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है। पात्र किसानों को इसके लिए ऑनलाइन आवेदन करने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम में जिला से आए नोडल पदाधिकारी सहायक अनुसंधान पदाधिकारी (मिट्टी जांच प्रयोगशाला, हाजीपुर) अरविंद रविदास, बीएओ आनंद मौर्य, कृषि सलाहकार संजीव कुमार, रामदयाल कुमार, कृषि समन्वयक वीरेंद्र कुमार, विपिन कुमार सहित अनेक किसान उपस्थित रहे।












