Advertisement

भीषण उमस के बाद झमाझम बारिश, मुजफ्फरपुरवासियों को गर्मी से मिली राहत

-भीषण उमस के बाद झमाझम बारिश, मुजफ्फरपुरवासियों को गर्मी से मिली राहत

मुजफ्फरपुर। बुधवार की सुबह से ही मुजफ्फरपुर में कड़ी धूप और भीषण उमस ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया था। सुबह आठ बजे के बाद ही हालात ऐसे हो गए कि लोगों का घरों से बाहर निकलना कठिन हो गया। गर्म हवाओं और उमस के कारण जनजीवन प्रभावित रहा तथा लोग पसीने से तर-बतर नजर आए।
खुले आसमान के नीचे काम करने वाले मजदूरों, रिक्शा चालकों और राहगीरों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा। तेज धूप और उमस से बचने के लिए लोग छांव और ठंडे स्थानों की तलाश करते दिखे।


हालांकि दोपहर होते-होते मौसम ने अचानक करवट ली। आसमान में घने काले बादल छा गए और कुछ ही देर में झमाझम बारिश शुरू हो गई। अचानक हुई इस बारिश से तपती गर्मी से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिली।
बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे घरों में पंखे और कूलर का असर भी महसूस होने लगा। मौसम सुहाना होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली और शहर का वातावरण भी काफी खुशनुमा हो गया।
मौसम में आए इस बदलाव से किसानों के चेहरे भी खिल उठे हैं। वहीं मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।