-हादसे में तड़पते रहे पति-पत्नी, सड़क पर बिखरे आम लूटते रहे लोग; कारोबारी की मौत
मुजफ्फरपुर। जिले के गायघाट थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। आम से लदी एक पिकअप के पलटने के बाद घायल दंपति की मदद करने के बजाय लोग सड़क पर बिखरे आमों को लूटने में जुट गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल आम कारोबारी की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही हैं।
जानकारी के अनुसार, मधुबनी जिले के निर्मली थाना क्षेत्र निवासी 40 वर्षीय अजय पासवान अपनी पत्नी संतरा देवी के साथ बंगाल से आम लादकर मुजफ्फरपुर आ रहे थे। इसी दौरान गायघाट थाना क्षेत्र के हनुमान नगर चौक स्थित एनएच-27 पर उनकी पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे के बाद सड़क पर बड़ी मात्रा में आम बिखर गए। लेकिन घायलों को बचाने या अस्पताल पहुंचाने के बजाय बड़ी संख्या में लोग आम बटोरने और ले जाने में जुट गए। महिला और पुरुष सड़क पर बिखरे आमों को उठाते नजर आए, जबकि घायल दंपति वाहन में ही दर्द से कराहते रहे।

घटना की सूचना मिलते ही गायघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल भेजा। इलाज के दौरान अजय पासवान ने दम तोड़ दिया, जबकि उनकी पत्नी संतरा देवी की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
गायघाट थाना प्रभारी ने बताया कि आम से लदी पिकअप पलटने की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। घायलों को अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार के दौरान अजय पासवान की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में लोग आम लूटते दिखाई दे रहे हैं, जबकि घायल दंपति की मदद के लिए कोई आगे नहीं आता। यह घटना न केवल मानवीय संवेदनाओं को झकझोरती है, बल्कि समाज के बदलते व्यवहार और संवेदनहीनता पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है।












