-मुजफ्फरपुर पुलिस का बड़ा खुलासा: NEET का फर्जी पेपर बेचने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के 4 और सदस्य गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर। नीट (NEET) परीक्षा का फर्जी प्रश्न पत्र टेलीग्राम के जरिए बेचकर देशभर के छात्रों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का मुजफ्फरपुर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस की विशेष टीम ने गिरोह के चार और सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में अब तक मुख्य सरगना समेत कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि सिटी एसपी मोहिल्बुला अंसारी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने यह सफलता हासिल की है। टीम में डीआईयू (DIU) और सिकंदरपुर थाने की पुलिस शामिल थी। 13 जून 2026 को मिली गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नगर थाना क्षेत्र के हर्ष, अमन कुमार, कन्हैया कुमार उर्फ मानव तथा सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के हर्ष कनोडिया के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। फिलहाल सभी आरोपियों के आपराधिक इतिहास को खंगाला जा रहा है।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि गिरोह टेलीग्राम एप के माध्यम से NEET परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों को परीक्षा से पहले असली प्रश्न पत्र उपलब्ध कराने का झांसा देता था। परीक्षा में सफलता की चाह रखने वाले छात्र उनके जाल में आसानी से फंस जाते थे।
गिरोह के सदस्य छात्रों से ऑनलाइन क्यूआर कोड या बैंक खातों में मोटी रकम जमा करवाते थे। भुगतान मिलने के बाद छात्रों को फर्जी या पुराने प्रश्न पत्र भेज दिए जाते थे। इस तरह देश के विभिन्न हिस्सों के छात्रों को ठगी का शिकार बनाया जाता था।
पुलिस के अनुसार, इस पूरे रैकेट का मास्टरमाइंड मनीष झा है, जिसे 2 मई 2026 को सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के बालूघाट स्थित एक किराए के मकान से गिरफ्तार किया गया था। उस समय उसके पास से चार मोबाइल फोन और एक लैपटॉप बरामद किया गया था।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया है कि छात्रों से ठगी गई पूरी रकम मनीष झा तक पहुंचाई जाती थी। इस मामले में सिकंदरपुर थाने में कांड दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अब गिरोह के बैंक खातों और टेलीग्राम नेटवर्क की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि अब तक कितने छात्रों से ठगी की गई और इस नेटवर्क का विस्तार किन-किन राज्यों तक फैला हुआ है।











