Advertisement

जल-जमाव की समस्या को लेकर युवा नेता ने बीडीओ को सौंपा ज्ञापन, त्वरित कार्रवाई की मांग

-जल-जमाव की समस्या को लेकर युवा नेता ने बीडीओ को सौंपा ज्ञापन, त्वरित कार्रवाई की मांग

पूसा (समस्तीपुर), 12 जून 2026। पूसा प्रखंड के विभिन्न पंचायतों एवं प्रमुख सड़क मार्गों पर जल-जमाव और जल निकासी की गंभीर समस्या को लेकर पूर्व जिला परिषद प्रत्याशी तथा इंकलाबी नौजवान सभा (आरवाईए) के जिला सचिव रौशन कुमार यादव ने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को ज्ञापन सौंपकर अविलंब समाधान की मांग की है।
सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि प्रखंड के कई गांवों, वार्डों और मोहल्लों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हल्की बारिश के बाद भी सड़कों पर पानी जमा हो जाता है। इससे आम लोगों, छात्र-छात्राओं, किसानों, व्यवसायियों तथा वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। जल-जमाव के कारण आवागमन बाधित होने के साथ-साथ दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ रही है।
ज्ञापन में विशेष रूप से दक्षिणी हरपुर पंचायत के वार्ड संख्या 6-7 के अंतर्गत समस्तीपुर–मुजफ्फरपुर मुख्य सड़क मार्ग पर भुस्कौल चौक के समीप, राजकीय मध्य विद्यालय हरपुर के पास वार्ड संख्या 10-14 में महादलित बस्ती जाने वाले मार्ग तथा महमदा पंचायत के पूसा बाजार–ढ़ोली मुख्य सड़क मार्ग और बांके झा मंदिर के समीप दलित बस्ती जाने वाले रास्ते की समस्याओं का उल्लेख किया गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मामूली बारिश में भी ये सड़कें जलमग्न हो जाती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित होता है।
रौशन कुमार यादव ने कहा कि जल-जमाव की समस्या वर्षों पुरानी है, लेकिन इसके स्थायी समाधान की दिशा में अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि प्रभावित क्षेत्रों का तकनीकी सर्वेक्षण कराकर जल निकासी की वैज्ञानिक एवं स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही नालों की सफाई, जल निकासी मार्गों का निर्माण, अतिक्रमण हटाने और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर कराई जाए।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते समस्या के समाधान की दिशा में ठोस पहल नहीं की गई तो स्थानीय ग्रामीणों और नागरिकों के साथ लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण जनआंदोलन चलाया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
रौशन कुमार यादव ने उम्मीद जताई कि प्रखंड प्रशासन बरसात के मौसम को देखते हुए इस गंभीर जनसमस्या पर शीघ्र कार्रवाई करेगा, ताकि लोगों को राहत मिल सके और क्षेत्र में सुरक्षित एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित हो सके।
इस मौके पर आरवाईए नेता गणेश यादव, मंदीप कुमार तथा भाकपा-माले नेता भागनारायण राय सहित कई स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे।