Advertisement

राजस्व महाअभियान 2026 के तहत किसान भवन बसरा में शिविर आयोजित, भूमि संबंधी आवेदनों का किया गया निष्पादन

-राजस्व महाअभियान 2026 के तहत किसान भवन बसरा में शिविर आयोजित, भूमि संबंधी आवेदनों का किया गया निष्पादन

राजापाकर/वैशाली, संवाददाता।संजय। अंचल कार्यालय राजापाकर द्वारा राजस्व महाअभियान 2026 के अंतर्गत किसान भवन, बसरा परिसर में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, परिमार्जन एवं अन्य राजस्व संबंधी मामलों के आवेदनों के निष्पादन की प्रक्रिया शुरू की गई।
अंचलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि राजस्व महाअभियान 2026 के तहत प्राप्त विभिन्न आवेदनों की स्कैनिंग कर उन्हें बिहार भूमि पोर्टल पर अपलोड किया गया। साथ ही रैयतों द्वारा परिमार्जन के लिए जमा किए गए आवेदनों को भी आवश्यक सुधार के लिए पोर्टल पर अपलोड किया गया है।


उन्होंने बताया कि बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के निर्देशानुसार 11 जून से 17 जून 2026 तक विशेष शिविर आयोजित कर भूमि संबंधी सभी लंबित आवेदनों को बिहार भूमि पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। इस दौरान आम जनता से भूमि विवाद, म्यूटेशन (दाखिल-खारिज), परिमार्जन एवं अन्य राजस्व मामलों से संबंधित आवेदन भी प्राप्त किए जा रहे हैं।
अंचलाधिकारी ने बताया कि अभियान का उद्देश्य भूमि संबंधी मामलों के त्वरित निष्पादन के साथ-साथ राजस्व सेवाओं को अधिक पारदर्शी एवं सुगम बनाना है, ताकि लोगों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
शिविर के सफल संचालन में राजस्व कर्मचारी अमित कुमार, मुनाजिर हुसैन, बलवीर कुमार, सूरज कुमार एवं प्रियव्रत कुमार सहित सभी सर्वे अमीनों की सक्रिय भागीदारी रही। वहीं निशांत कुमार, राहुल कुमार, नरेश कुमार, राजलक्ष्मी कुमारी, स्वाति कुमारी समेत अन्य कर्मियों ने भी अभियान को सफल बनाने में सहयोग किया।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी भूमि संबंधी समस्याओं एवं आवेदनों का निस्तारण कराया।