-दरभंगा में कोसी नदी में नाव पलटी, चार लोग लापता; पांच ने तैरकर बचाई जान
दरभंगा। जिले के किरतपुर प्रखंड क्षेत्र में बुधवार की अहले सुबह कोसी नदी में एक छोटी नाव पलट जाने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में चार लोग नदी में डूब गए, जबकि पांच अन्य लोगों ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचा ली। लापता लोगों की तलाश जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नाव पर कुल नौ लोग सवार थे, जिनमें अधिकांश महिलाएं और बच्चे शामिल थे। सभी लोग नदी पार कर अपने खेतों में मूंग की फसल तोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान कोसी नदी के तरबारा स्पर के निकट तेज धारा में नाव असंतुलित होकर पलट गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुबौल और तरबारा गांव के महिला-पुरुष नाव से नदी पार कर रहे थे। नदी की तेज धारा के कारण नाव अचानक डगमगा गई और देखते ही देखते पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों की मदद से पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि चार लोग नदी की धारा में लापता हो गए। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गया तथा लापता लोगों की खोजबीन शुरू कर दी गई।
ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में छोटी नावों के सहारे लोग रोजाना खेती-बाड़ी के कार्यों के लिए नदी पार करते हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत और शोक का माहौल है। प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है।











