Advertisement

गायघाट में राजद का धरना-प्रदर्शन, महंगाई-बेरोजगारी को लेकर सरकार पर साधा निशाना

-गायघाट में राजद का धरना-प्रदर्शन, महंगाई-बेरोजगारी को लेकर सरकार पर साधा निशाना

गायघाट, दीपक कुमार। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के आह्वान पर मंगलवार को गायघाट प्रखंड कार्यालय परिसर में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राज्यव्यापी आंदोलन के तहत बिहार के सभी प्रखंड मुख्यालयों पर आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में राजद नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भाग लिया।

धरना के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए महंगाई, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं और विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उठाया। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार आम जनता की समस्याओं के समाधान में विफल रही है और जनहित के मुद्दों की लगातार अनदेखी की जा रही है।

गायघाट प्रखंड कार्यालय के समीप आयोजित धरना-प्रदर्शन में पार्टी नेताओं ने राज्य सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी से आम लोग परेशान हैं। साथ ही स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाली और बढ़ते अपराध पर भी चिंता जताई गई।

धरना को संबोधित करते हुए विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक निरंजन राय ने बिहार सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्य में बेरोजगारी और महंगाई चरम पर है, जबकि स्वास्थ्य व्यवस्था भी बदहाल स्थिति में पहुंच चुकी है। उन्होंने सरकार से जनता की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।

कार्यक्रम के अंत में राजद नेताओं ने सरकार के खिलाफ संघर्ष जारी रखने और जनता की आवाज को सड़क से सदन तक उठाने का संकल्प दोहराया। धरना शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।