-पीएमएसएमए कार्यक्रम के तहत गर्भवती महिलाओं की हुई स्वास्थ्य जांच
मुजफ्फरपुर/बंदरा। दीपक। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बंदरा में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई तथा उन्हें सुरक्षित मातृत्व से संबंधित आवश्यक परामर्श दिया गया।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. नौशाद अहमद ने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रसव पूर्व स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। अभियान के तहत विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा महिलाओं की नियमित जांच, आवश्यक चिकित्सीय परामर्श एवं जांच सुविधाएं प्रदान की जाती हैं, ताकि गर्भावस्था के दौरान संभावित जोखिमों की समय रहते पहचान कर उनका उचित उपचार किया जा सके।

उन्होंने कहा कि सभी गर्भवती महिलाओं को निर्धारित तिथि पर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जांच अवश्य करानी चाहिए, जिससे मां और शिशु दोनों का स्वास्थ्य सुरक्षित रह सके। कार्यक्रम में स्वास्थ्यकर्मियों ने महिलाओं को पोषण, नियमित जांच, संस्थागत प्रसव एवं टीकाकरण के महत्व के बारे में भी जागरूक किया।
कार्यक्रम में चिकित्सकों, एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की सक्रिय भागीदारी रही।












