-कर्मियों की भारी कमी से राजापाकर अंचल कार्यालय का कामकाज प्रभावित, जनता परेशान
राजापाकर (वैशाली)। राजापाकर अंचल कार्यालय में कर्मियों की भारी कमी के कारण कार्यालयी कार्यों के साथ-साथ आम जनता के जरूरी काम भी प्रभावित हो रहे हैं। स्थिति यह है कि अंचल कार्यालय में छह कर्मियों के पद रिक्त हैं और पूरे कार्यालय का दायित्व मात्र एक अंचल कर्मी के भरोसे चल रहा है। इसके चलते लोगों को अपने कार्यों के लिए कई-कई बार कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, अंचल कार्यालय में कर्मियों की कमी के कारण प्रमाण पत्र, भूमि संबंधी मामलों एवं अन्य राजस्व कार्यों के निष्पादन में काफी विलंब हो रहा है। आम लोगों का कहना है कि जो कार्य एक दिन में पूरा होना चाहिए, उसके लिए उन्हें तीन से चार दिन तक कार्यालय आना पड़ता है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि जिला स्तर से प्रतिनियुक्त होकर आने वाले अंचल कर्मी कुछ समय तक प्रखंड में कार्य करते हैं, लेकिन बाद में विभिन्न कारणों से वापस चले जाते हैं। परिणामस्वरूप कार्यालय फिर से कर्मीविहीन हो जाता है। वर्तमान में कई कार्य कंप्यूटर ऑपरेटरों के सहारे संचालित किए जा रहे हैं, जबकि उन्हें अंचल के सभी प्रशासनिक और राजस्व संबंधी मामलों की पूर्ण जानकारी नहीं होती।

इस संबंध में पूछे जाने पर अंचलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि अंचल कर्मियों की कमी की समस्या से जिला प्रशासन को कई बार अवगत कराया जा चुका है। उन्होंने कहा कि पर्याप्त कर्मियों की उपलब्धता नहीं होने से कार्य निष्पादन प्रभावित हो रहा है।
वहीं, राजापाकर प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में भी राजस्व कर्मचारियों की कमी बनी हुई है। एक-एक राजस्व कर्मचारी को तीन से चार हल्कों की जिम्मेदारी संभालनी पड़ रही है। वर्तमान में राजापाकर अंचल में मात्र पांच राजस्व कर्मचारी हैं, जिनके जिम्मे 13 पंचायतों का कार्यभार है। इससे भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, सीमांकन और अन्य राजस्व संबंधी मामलों का समय पर निपटारा नहीं हो पा रहा है।
जदयू नेता राम अवतार शाह, राजद नेता राजीव रंजन उर्फ पंकज यादव, जनप्रतिनिधि तपसी प्रसाद सिंह, राजीव कुमार और सत्येंद्र कुमार सहित अन्य लोगों ने जिला पदाधिकारी वैशाली से शीघ्र अंचल कार्यालय में आवश्यक संख्या में कर्मियों की नियुक्ति करने की मांग की है, ताकि आम जनता को राहत मिल सके और प्रशासनिक कार्यों में तेजी आ सके।













