Advertisement

मुजफ्फरपुर अग्निकांड पर स्वास्थ्य मंत्री की चुप्पी से सियासत गरम, राजद ने उठाए सवाल

-मुजफ्फरपुर अग्निकांड पर स्वास्थ्य मंत्री की चुप्पी से सियासत गरम, राजद ने उठाए सवाल

मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल में हुए भीषण अग्निकांड में पांच लोगों की मौत के बाद बिहार की राजनीति भी गर्मा गई है। घटना के बाद राज्य के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के रवैये को लेकर विपक्षी दल राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने सरकार पर संवेदनहीनता का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार, अस्पताल में आग लगने की घटना के बाद स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार पटना एयरपोर्ट से दिल्ली रवाना हो गए। उनके साथ जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद संजय झा भी मौजूद थे। एयरपोर्ट पर पत्रकारों ने जब मंत्री से मुजफ्फरपुर अग्निकांड को लेकर सवाल पूछना चाहा तो उन्होंने हाथ जोड़कर अभिवादन किया और बिना कोई जवाब दिए आगे बढ़ गए। संजय झा ने भी इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने एक न्यूज चैनल से बातचीत में कहा कि अस्पताल में आग लगने से लोगों की मौत होना बेहद दुखद घटना है और ऐसे मामलों में सरकार को संवेदनशीलता दिखानी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री को कम से कम पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करनी चाहिए थी और यह आश्वासन देना चाहिए था कि घटना की जांच होगी तथा दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।

मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि जिस विभाग की जिम्मेदारी मंत्री के पास है, उससे जुड़ी इतनी बड़ी घटना पर उनकी चुप्पी सरकार की संवेदनहीनता और अनुभवहीनता को दर्शाती है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि मंत्री ही इस मामले पर कुछ नहीं कहेंगे तो जांच और जवाबदेही की बात कौन करेगा।

हालांकि स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर घटना को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने पोस्ट में लिखा कि मुजफ्फरपुर के निजी अस्पताल में आग लगने से कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि जिला प्रशासन को घायलों की सुरक्षा और बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी कहा कि राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाने के आदेश दिए गए हैं तथा पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदारी तय की जाएगी।

विवाद बढ़ने के बाद जदयू प्रवक्ता अभिषेक झा ने मंत्री का बचाव करते हुए कहा कि निशांत कुमार पूरे मामले को लेकर बेहद गंभीर और संवेदनशील हैं। उन्होंने कहा कि सरकार इस घटना से मर्माहत है और विस्तृत जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

अभिषेक झा ने कहा कि किसी मंत्री के सार्वजनिक बयान भर से जवाबदेही पूरी नहीं हो जाती। सरकार इस मामले की तफ्तीश कर रही है और जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

मुजफ्फरपुर अग्निकांड को लेकर जहां प्रशासनिक जांच जारी है, वहीं अब इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। विपक्ष सरकार की भूमिका पर सवाल उठा रहा है, जबकि सत्तारूढ़ दल घटना की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई का भरोसा दिला रहा है।