Advertisement

दानापुर पासिंग आउट परेड में चमके राजापाकर के रौशन, अग्निवीर बन बढ़ाया क्षेत्र का मान

-दानापुर पासिंग आउट परेड में चमके राजापाकर के रौशन, अग्निवीर बन बढ़ाया क्षेत्र का मान

राजापाकर।संजय श्रीवास्तव। दानापुर स्थित बिहार रेजिमेंट सेंटर में अग्निपथ योजना के तहत आयोजित पासिंग आउट परेड में राजापाकर प्रखंड के एक युवा ने क्षेत्र का नाम रोशन किया है। बिहार रेजिमेंट के 1025 अग्निवीरों के 7वें बैच में शामिल राजापाकर दक्षिणी पंचायत के वार्ड संख्या-12 निवासी विजय पासवान एवं अमला देवी के पुत्र रौशन कुमार ने 24 सप्ताह का कठिन सैन्य प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर भारतीय सेना में शामिल होने का गौरव प्राप्त किया।

इस ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण अवसर पर रौशन के माता-पिता भी समारोह में मौजूद रहे। सेना की ओर से उन्हें सम्मान और गौरव के प्रतीक स्वरूप गौरव पदक प्रदान किया गया। बेटे की इस उपलब्धि पर माता-पिता की खुशी देखते ही बन रही थी।

जानकारी के अनुसार रौशन कुमार ने वर्ष 2025 में इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। इसके बाद उन्होंने कड़ी मेहनत और लगन के बल पर उसी वर्ष अग्निवीर भर्ती परीक्षा में सफलता हासिल की। चयन के बाद उन्होंने बिहार रेजिमेंट सेंटर में 24 सप्ताह का कठोर सैन्य प्रशिक्षण पूरा किया।

रौशन ने अपनी नौवीं से बारहवीं तक की पढ़ाई स्थानीय कोचिंग संस्थान न्यूटन क्लासेस से की थी। उनकी इस उपलब्धि पर संस्थान के निदेशक अमरनाथ चौहान सहित शिक्षक गौतम कुमार, सनी सिंह, सुधीर कुशवाहा और छोटू सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।

शिक्षकों ने कहा कि रौशन कुमार की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी उपलब्धि यह साबित करती है कि मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। रौशन के अग्निवीर बनने की खबर से पूरे राजापाकर क्षेत्र में खुशी का माहौल है और लोग उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं।