Advertisement

जनता दरबार में सुनी गईं ग्रामीणों की समस्याएं, समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश

-जनता दरबार में सुनी गईं ग्रामीणों की समस्याएं, समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश

राजापाकर। संजय। प्रखंड कार्यालय राजापाकर परिसर में सोमवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के लोगों की विभिन्न समस्याएं सुनी गईं और उनके समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि जनता दरबार में अधिकांश शिकायतें नल-जल योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित प्राप्त हुईं। सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों को शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

बीडीओ ने जानकारी दी कि 2 जून को प्रखंड क्षेत्र की रामपुर रत्नाकर उर्फ सरसई पंचायत के राजकीय मध्य विद्यालय, फतेहपुर फुलवरिया तथा मीरपुर पतार पंचायत के करणपुरा हाई स्कूल परिसर में सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने दोनों पंचायतों के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याएं रखने की अपील की।

उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर में सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहेंगे। आम नागरिक अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन सीधे संबंधित विभाग के अधिकारियों को सौंप सकेंगे। प्राप्त आवेदनों का 30 दिनों के भीतर समाधान करने का प्रयास किया जाएगा तथा अगले शिविर में आवेदकों को इसकी जानकारी दी जाएगी।

बीडीओ ने सभी प्रखंड स्तरीय अधिकारियों और कर्मियों को समय पर शिविर में उपस्थित रहने तथा लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनका निराकरण करने का निर्देश दिया है। शिविर में विभिन्न विभागों के अलग-अलग स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहकर लोगों को आवश्यक जानकारी एवं सहायता प्रदान करेंगे।

प्रशासन का मानना है कि सहयोग शिविर और जनता दरबार के माध्यम से आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित होगा तथा सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंच सकेगा।