-जनता के बीच मजबूत कड़ी थे विशेश्वर सहनी, निधन से क्षेत्र में शोक
मुजफ्फरपुर/बंदरा, दीपक। महेशपुर निवासी एवं समाजसेवा के क्षेत्र में अपनी विशेष पहचान रखने वाले विशेश्वर सहनी का निधन पटना स्थित इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान में इलाज के दौरान हो गया। उनके निधन की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
विशेश्वर सहनी गरीब जनता के बीच एक सशक्त कड़ी माने जाते थे। गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों की समस्याओं को लेकर वे हमेशा तत्पर रहते थे और एक पुकार पर लोगों की सहायता के लिए पहुंच जाते थे। उनके सामाजिक सरोकारों और जनसेवा की भावना के कारण क्षेत्र में उन्हें सम्मान प्राप्त था।

उनके निधन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोगों ने उनके आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष अशोक सिंह, महामंत्री श्याम किशोर, राजद प्रखंड अध्यक्ष रविंद्र सहनी, शिक्षक ललन प्रसाद सिंह, संजय कुमार ठाकुर आदि लोगों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
उनके निधन पर क्षेत्र के सामाजिक, राजनीतिक एवं शिक्षण जगत से जुड़े लोगों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि समाज ने एक समर्पित समाजसेवी और जनहितैषी व्यक्तित्व को खो दिया है।












