Advertisement

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर आरवाईए-आइसा का मार्च, पेपर लीक पर सरकार को घेरा

-शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर आरवाईए-आइसा का मार्च, पेपर लीक पर सरकार को घेरा

पूसा/समस्तीपुर, 1 जून 2026। इंकलाबी नौजवान सभा (आरवाईए) और आइसा के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को पूसा बाजार के हाथी चौक से सैदपुर पुल तक मार्च निकाला गया। मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों ने “शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो”, “एनटीए जैसी भ्रष्ट और गैर-जिम्मेदार संस्था को भंग करो”, “सभी पेपर लीक की न्यायिक जांच कर दोषियों को सजा दो”, “प्रभावित छात्रों को न्याय और मुआवजा दो” तथा “शिक्षा और रोजगार पर हमला नहीं सहेगा हिंदुस्तान” जैसे नारे लगाए।

मार्च को संबोधित करते हुए आरवाईए के जिला सचिव रौशन कुमार ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार लगातार सार्वजनिक संस्थानों का निजीकरण कर रही है। उन्होंने कहा कि नीट, एईओ, एसएससी जीडी सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे छात्रों और युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दों पर सरकार की चुप्पी चिंताजनक है और शिक्षा मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए।

रौशन कुमार ने दावा किया कि बिहार सहित देशभर में पिछले कई वर्षों के दौरान बड़ी संख्या में पेपर लीक की घटनाएं हुई हैं, जो परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के रोजगार और भविष्य को लेकर गंभीर नहीं दिख रही है।

वहीं युवा नेता पंकज कुमार उर्फ गुड्डू ने कहा कि लाखों छात्र-युवा दिन-रात मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाएं उनकी मेहनत पर पानी फेर देती हैं। उन्होंने कहा कि इससे युवाओं में निराशा और मानसिक तनाव बढ़ रहा है। उन्होंने छात्र-युवाओं से अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संगठित होकर संघर्ष करने का आह्वान किया।

मार्च में आरवाईए नेता गणेश यादव, मनदीप कुमार, मो. तनवीर, राहुल कुमार, विकास कुमार, सुजीत यादव, सूरज कुमार, राजीव कुमार, प्रिंस कुमार, रंजीत कुमार, झगरू राम, शिवम कुमार समेत बड़ी संख्या में छात्र-युवा शामिल रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।