Advertisement

जमीन विवाद में मारपीट, थाने में प्राथमिकी दर्ज

-जमीन विवाद में मारपीट, थाने में प्राथमिकी दर्ज

राजापाकर-संजय श्रीवास्तव। बराटी थाना क्षेत्र के काशीपुर चकवीवी गांव में पूर्व के जमीनी विवाद को लेकर मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। इस संबंध में गांव निवासी चंदन कुमार, पिता स्वर्गीय रामजी सिंह ने बराटी थाने में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

दर्ज आवेदन में चंदन कुमार ने बताया कि पड़ोसी शांति देवी, पति परमानंद सिंह उर्फ गोविंद सिंह, तथा उनके पुत्र प्रेम शंकर कुमार और नवीन कुमार द्वारा उनके घर के बगल स्थित खेत में पहुंचकर बंधा उखाड़ने और काटने का प्रयास किया गया। जब उनकी मां ने इसका विरोध किया तो आरोपितों ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी।

आवेदन के अनुसार, विरोध करने पर आरोपितों ने कुदाल और डंडे से मारपीट की। घटना के समय चंदन कुमार हाजीपुर स्थित फैक्ट्री में काम कर रहे थे। सूचना मिलने पर वे घर पहुंचे और घायल मां को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजापाकर ले गए।

पीड़ित ने बताया कि विवाद की जड़ पूर्व में उनके पिता और स्वर्गीय परमानंद सिंह के बीच घर बनाने के लिए मौखिक रूप से हुए जमीन के लेनदेन को लेकर है। उनका कहना है कि उक्त जमीन पर परमानंद सिंह द्वारा झोपड़ीनुमा घर भी बनाया गया था। दोनों बुजुर्गों की मृत्यु के बाद अब आरोपित पक्ष जमीन खाली करने का दबाव बना रहा है, जबकि पीड़ित परिवार का दावा है कि जमीन उनके अधिकार में है।

चंदन कुमार ने आवेदन में आरोप लगाया है कि जमीन विवाद को लेकर लगातार गाली-गलौज और मारपीट की घटनाएं की जा रही हैं। उन्होंने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।