-जानलेवा ब्रेकरों से हादसों का खतरा, कार्रवाई की मांग
मुजफ्फरपुर। जिले के बंदरा प्रखंड अंतर्गत बड़गांव-केवटसा-सखौरा मुख्य पथ पर बने अवैज्ञानिक और बिना मानक के ब्रेकर लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क पर दर्जनों ऐसे ऊंचे और अनियमित ब्रेकर बना दिए गए हैं, जिनके कारण आए दिन छोटे-बड़े सड़क हादसे हो रहे हैं।
बताया जा रहा है कि खासकर रात के समय और मोड़ के समीप बने ब्रेकर दुर्घटना की बड़ी वजह बन रहे हैं। स्थानीय निवासी एवं भाजपा कार्यकर्ता शंभू झा, जो ओझा टोला बंदरा के रहने वाले हैं, गोविंदपुर छपरा स्थित हाट के पास टर्निंग पॉइंट पर बने ब्रेकर के कारण हादसे का शिकार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में नाराजगी बढ़ गई है।

जनता दल यूनाइटेड के जिला उपाध्यक्ष मनोज कुमार झा ने प्रशासन से इस मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि सड़क पर बने अवैज्ञानिक ब्रेकरों को हटाकर मानक के अनुरूप स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं, ताकि लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर रोक लग सके।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।












