Advertisement

दिल्ली जाने वालों को राहत, बरौनी और दरभंगा क्लोन स्पेशल ट्रेनें जुलाई मध्य तक चलेंगी

-दिल्ली जाने वालों को राहत, बरौनी और दरभंगा क्लोन स्पेशल ट्रेनें जुलाई मध्य तक चलेंगी

मुजफ्फरपुर। दिल्ली जाने के लिए घंटों टिकट तलाशने और लंबी वेटिंग लिस्ट से परेशान यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। गर्मी की छुट्टियों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने मुजफ्फरपुर, दरभंगा और बरौनी के यात्रियों को बड़ी सौगात दी है। अब क्लोन स्पेशल ट्रेनों की अवधि बढ़ा दी गई है, जिससे यात्रियों को कंफर्म सीट मिलने की उम्मीद काफी बढ़ गई है।

रेलवे प्रशासन ने ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए बरौनी और दरभंगा से नई दिल्ली के बीच संचालित क्लोन स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की अवधि जुलाई मध्य तक बढ़ाने का फैसला लिया है। इन ट्रेनों के नियमित संचालन से नौकरी, पढ़ाई और रोजगार के लिए दिल्ली जाने वाले हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार गाड़ी संख्या 02563 बरौनी-नई दिल्ली क्लोन स्पेशल का परिचालन 01 जून 2026 से 15 जुलाई 2026 तक प्रतिदिन किया जाएगा। वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 02564 नई दिल्ली-बरौनी क्लोन स्पेशल 02 जून 2026 से 16 जुलाई 2026 तक रोज चलेगी।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 02569 दरभंगा-नई दिल्ली क्लोन स्पेशल 01 जून 2026 से 15 जुलाई 2026 तक प्रतिदिन संचालित होगी, जबकि गाड़ी संख्या 02570 नई दिल्ली-दरभंगा क्लोन स्पेशल 02 जून 2026 से 16 जुलाई 2026 तक प्रतिदिन चलेगी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार गर्मी की छुट्टियों में उत्तर बिहार से दिल्ली रूट पर यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में इन क्लोन स्पेशल ट्रेनों की अवधि बढ़ाने से यात्रियों को कंफर्म सीट मिलने में सहूलियत होगी और नियमित ट्रेनों पर दबाव भी कम होगा।

पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है, ताकि लोगों को सुगम और सुरक्षित यात्रा का लाभ मिल सके।