-मुजफ्फरपुर में विजय सिन्हा का बड़ा बयान, बोले – “अब विजय सिन्हा नहीं, विजय बिहारी हूं”
मुजफ्फरपुर। राष्ट्रीय लीची अनुसंधान केंद्र में आयोजित ‘बिहार लीची संगम’ कार्यक्रम के दौरान बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने मंच से बड़ा बयान देते हुए कहा कि विभाग बदलने के बावजूद बिहार के लोगों की समस्याओं के समाधान और जमीन की सुरक्षा को लेकर उनका संकल्प बरकरार है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विजय सिन्हा ने कहा, “भइया विजय सिन्हा नहीं, विजय बिहारी हैं। पूरे बिहार के लोगों की चिंता है। बिहार के लोगों की समस्याओं के समाधान और आपकी जमीन सुरक्षित रखने का संकल्प लिया हूं और इस संकल्प को छोड़ा नहीं है।”
अपने संबोधन के दौरान उन्होंने प्रशासनिक कार्यशैली और विभागीय बदलाव को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि जब भी वे किसी गड़बड़ी या अनियमितता के खिलाफ कार्रवाई शुरू करते हैं, तब तक उनका विभाग बदल दिया जाता है।

उन्होंने कहा, “पढ़ाई हम करते हैं और सवाल दूसरे विषय का आ जाता है। जब परीक्षा शुरू होती है तो उसे पूरी तन्मयता से पास करने की कोशिश करते हैं। लेकिन जो पढ़ाने वाले लोग हैं, वही गड़बड़ी करने लगते हैं। जब उनकी पोल खुलने लगती है, तब हम कार्रवाई शुरू करते हैं और उसी कार्रवाई से लोग परेशान होने लगते हैं।”
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने आगे कहा कि कुछ लोगों को लगा कि राजस्व विभाग से उनके हटने के बाद राहत मिल जाएगी, लेकिन उनका स्वभाव और कार्य करने की सोच नहीं बदली है।
उन्होंने कहा, “कुछ लोगों ने सोचा कि राजस्व विभाग से विजय सिन्हा चले गए तो राहत मिल जाएगी। हमने कहा कि अब विजय सिन्हा नहीं रहा, विजय बिहारी है। विभाग भले बदल गया हो, लेकिन बिहार के लोगों की चिंता और उनकी जमीन सुरक्षित रखने का संकल्प नहीं बदला है।”
उनके इस बयान को राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में अहम माना जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोगों ने उनके संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना। विजय सिन्हा के इस बयान के बाद राजनीतिक चर्चाओं का दौर भी तेज होने की संभावना जताई जा रही है।












