Advertisement

बिहार: कहीं लू का कहर तो कहीं बारिश-आंधी से राहत; कई जिलों में अलर्ट जारी

-बिहार: कहीं लू का कहर तो कहीं बारिश-आंधी से राहत; कई जिलों में अलर्ट जारी

-बिहार में मौसम का बदला मिजाज

पटना।बिहार में इन दिनों मौसम ने दो अलग-अलग तस्वीरें पेश कर दी हैं। राज्य के दक्षिणी हिस्से जहां भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे हैं, वहीं उत्तर बिहार और सीमांचल के कई इलाकों में पुरवा हवा, बादलों की आवाजाही और आंधी-पानी ने लोगों को गर्मी से कुछ राहत दी है। मौसम के इस बदले रुख का असर आम जनजीवन पर साफ तौर पर देखा जा रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार 25 से 29 मई तक बिहार में मौसम का मिजाज बदला रह सकता है। राजधानी पटना, गया, मुजफ्फरपुर, भागलपुर और दरभंगा समेत कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है। कुछ क्षेत्रों के लिए भारी बारिश को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है।

दक्षिण बिहार के कई जिलों में सोमवार को भीषण गर्मी और लू को लेकर चेतावनी जारी की गई है। बक्सर, भोजपुर, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद और गया में पछुआ हवाओं और झुलसाने वाली धूप ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। लगातार कई दिनों से पड़ रही तेज गर्मी के कारण दिन के समय सड़कों पर आवाजाही भी कम देखी जा रही है।

वहीं सीमांचल और उत्तर बिहार के जिलों में मौसम का रुख अलग नजर आ रहा है। किशनगंज, अररिया, पूर्णिया, कटिहार, सुपौल, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, सीवान और सारण के कुछ इलाकों में आंशिक बादल छाए रहने के साथ तेज हवा और बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग का कहना है कि 26 मई से दक्षिण-पश्चिम बिहार को छोड़कर राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का प्रभाव देखने को मिल सकता है। इसके चलते अगले तीन से चार दिनों में अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।

मुजफ्फरपुर जिले के लिए भी मौसम विभाग ने राहत भरा पूर्वानुमान जारी किया है। अगले दो दिनों तक जिले में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और वज्रपात के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।