Advertisement

एनटीपीसी काँटी में ‘बालिका सशक्तीकरण अभियान-2026’ का शुभारंभ

-एनटीपीसी काँटी में ‘बालिका सशक्तीकरण अभियान-2026’ का शुभारंभ

-50 बालिकाओं को मिलेगा आवासीय प्रशिक्षण

मुजफ्फरपुर/काँटी। एनटीपीसी काँटी में सोमवार को नैगमिक सामाजिक दायित्व (CSR) के तहत “बालिका सशक्तीकरण अभियान–2026” का शुभारंभ किया गया। “सशक्त बालिका, सशक्त काँटी” थीम पर आयोजित इस विशेष आवासीय अभियान का उद्घाटन परियोजना प्रमुख श्री संजीब कुमार सुआर ने दीप प्रज्वलित कर किया।

26 मई से 20 जून 2026 तक चलने वाले इस अभियान में काँटी प्रखंड के विभिन्न गांवों से चयनित 50 बालिकाएँ भाग ले रही हैं। ये छात्राएँ क्षेत्र के 9 विद्यालयों का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं को शिक्षा, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास के माध्यम से सशक्त बनाना है।

चार सप्ताह तक चलने वाले इस निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को गणित, अंग्रेजी, हिंदी और विज्ञान जैसे विषयों की शिक्षा दी जाएगी। साथ ही उन्हें पौष्टिक भोजन, सुरक्षित आवास और आवश्यक अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी।

बालिकाओं के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए योग, नृत्य, संगीत, पेंटिंग, खेलकूद और अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों का आयोजन भी किया जाएगा। इसके अलावा छात्राओं को कंप्यूटर प्रशिक्षण देकर डिजिटल शिक्षा से जोड़ने की पहल की गई है।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए परियोजना प्रमुख श्री संजीब कुमार सुआर ने कहा कि एनटीपीसी काँटी क्षेत्रीय विकास और सामाजिक उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से बालिकाओं को केवल शैक्षणिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनने के लिए आवश्यक कौशल भी प्रदान किए जाएंगे।

अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री महेशकुमार सुथार ने कहा कि यह अभियान बालिकाओं के साथ-साथ उनके परिवार और समाज में भी सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बनेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशिक्षण के बाद छात्राएँ अधिक जागरूक, आत्मविश्वासी और सशक्त बनकर उभरेंगी।

कार्यक्रम में उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री संजीत कुमार सहित एनटीपीसी काँटी के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ अभियान की सफलता की कामना की गई।