-बेनीबाद पुलिस ने सीएसपी संचालकों के साथ की बैठक, चोरी-लूट रोकने को दिए सुरक्षा के अहम निर्देश
दीपक कुमार / गायघाट
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से बेनीबाद थाना परिसर में रविवार को सीएसपी (कस्टमर सर्विस प्वाइंट) संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष राज कुमार गौतम ने की। बैठक में क्षेत्र के सभी सीएसपी संचालकों को सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान थानाध्यक्ष ने कहा कि सीएसपी और बैंकिंग सेवाओं से जुड़े केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने सभी संचालकों को अपने केंद्रों पर ग्रिल गेट, सीसीटीवी कैमरा और अलार्म सिस्टम अनिवार्य रूप से लगाने का निर्देश दिया।

इसके अलावा बैंक से अधिक राशि की निकासी या नकदी के परिवहन के दौरान संबंधित थाना को पूर्व सूचना देने की अपील की गई, ताकि आवश्यकता पड़ने पर पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराई जा सके।
थानाध्यक्ष राज कुमार गौतम ने कहा कि यदि किसी सीएसपी संचालक को कोई संदिग्ध व्यक्ति आसपास दिखाई दे या किसी के पीछा करने जैसी आशंका हो तो इसकी तत्काल सूचना पुलिस को दें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य आम लोगों और व्यवसायियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
बैठक में व्यवसायियों और सीएसपी संचालकों से लेन-देन या नकदी के आवागमन के दौरान पुलिस का सहयोग लेने का भी आग्रह किया गया, ताकि चोरी, लूट या अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।












