-मुजफ्फरपुर-सोनबरसा फोरलेन निर्माण में तेजी, भूमि अधिग्रहण और अतिक्रमण बना चुनौती
मुजफ्फरपुर। बिहार के बहुप्रतीक्षित मुजफ्फरपुर-सोनबरसा फोरलेन परियोजना के निर्माण कार्य को लेकर प्रक्रिया तेज कर दी गई है। हालांकि भूमि अधिग्रहण और अतिक्रमण की समस्या के कारण निर्माण कार्य शुरू होने में देरी हो रही है।
जानकारी के अनुसार, प्रारंभिक स्तर पर इस परियोजना के लिए अतिरिक्त भूमि अधिग्रहण की आवश्यकता नहीं बताई गई थी। लेकिन बाद में एनएचएआई (भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) की ओर से किए गए सर्वे और मापी के बाद स्थिति बदली और अब बोचहां, मीनापुर, औराई और मुशहरी अंचल में अतिरिक्त भूमि अधिग्रहण की जरूरत बताई गई है।

बताया जा रहा है कि मुजफ्फरपुर-सोनबरसा राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण के दौरान पहले भी भू-अर्जन किया गया था और उस भूमि का एक बड़ा हिस्सा अभी भी उपलब्ध है। इसके बावजूद परियोजना के विस्तार और तकनीकी जरूरतों को देखते हुए अतिरिक्त जमीन की मांग सामने आई है।
इस संबंध में एनएचएआई के परियोजना निदेशक आशुतोष सिन्हा ने बोचहां, मीनापुर, औराई और मुशहरी अंचल के संबंधित अंचल अधिकारियों (सीओ) को पत्र भेजकर वस्तुस्थिति से अवगत कराया है।
अब भूमि अधिग्रहण और अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद फोरलेन निर्माण कार्य को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। यह परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ आवागमन भी अधिक सुगम होगा।












