-रीता देवी बनीं लोक चेतना दल की सरैया प्रखंड अध्यक्ष, भ्रष्टाचार और जनसमस्याओं के समाधान का लिया संकल्प
मुजफ्फरपुर: लोक चेतना दल की ओर से रविवार को सरैया प्रखंड अंतर्गत पोखरैरा शिव मंदिर के समीप एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से रीता देवी को सरैया प्रखंड अध्यक्ष मनोनीत किया गया। इस निर्णय का उपस्थित कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने समर्थन किया।
बैठक के दौरान दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव कुमार झा एवं राष्ट्रीय महासचिव शकिंद्र कुमार यादव ने रीता देवी को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं दीं। साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं ने संगठन की विचारधारा को प्रखंड के प्रत्येक पंचायत और वार्ड तक पहुंचाने तथा संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।

नवनियुक्त प्रखंड अध्यक्ष रीता देवी ने कहा कि वह दल द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करेंगी। उन्होंने कहा कि सरैया प्रखंड में भ्रष्टाचार, कार्यालयों के चक्कर लगाने जैसी समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी तथा आम जनता की परेशानियों को दूर करने के लिए काम किया जाएगा।
बैठक में आनंद कुमार झा, धनवंती देवी, मिथलेश देवी, जिला अध्यक्ष मनीष कुमार सहित दर्जनों कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।












